जल्द शुरू होगा नेरपा परमाणु पनडुब्बी का परीक्षण

यह परीक्षण करीब दो सप्ताह तक चलेगा। फोटो(फाइल)
मास्को। भारत को मिलने वाली रूसी हमलावार परमाणु पनडुब्बी नेरपा या आईएनएस चक्र का अंतिम समुद्री परीक्षण अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। अमूर गोदी के प्रवक्ता ने कल आरआईए नोवस्ती को बताया कि पहले नेरपा का अंतिम परीक्षण 15 नवंबर से शुरू होने वाला था लेकिन इसे एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले पांच से छह दिनों के अंदर पनडुब्बी परीक्षण के लिये गोदी छोड़ देगी। यह परीक्षण करीब दो सप्ताह तक चलेगा।
आकूला दो श्रेणी की यह पनडुब्बी आठ नवंबर 2008 को समुद्री परीक्षण के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गई थी। पनडुब्बी में घातक गैस के रिसाब से चालक दल के तीन सदस्य और 17 गोदी कर्मचारियों की मौत हो गई थी। उस समय जहाज पर 208 लोग सवार थे। इस दुर्घटना के बाद पनडुब्बी की मरम्मत की गई जिसमें छह करोड़ 50 लाख डॉलर का खर्चा आया।
भारत और रूस के बीच हुए एक समझौते तहत अगले दस वर्षो के लिए नेरपा पनडुब्बी को भारतीय नौसेना में आईएनएस चक्र के नाम से शामिल किया जाना है। भारत ने इसके लिए रूस को 65 करोड़ डॉलर दिए हैं।



























