सूरत में हीरा व्यापारी की हत्या
Tue, Jan 06, 2009 at 19:54 , Updated at Tue, Jan 06, 2009 सिटी खबरें सेक्शन
टैग: Diamond, Surat, Murder | 0 कमेंट्स
सूरत। हीरा नगरी सूरत में हीरा मजदूरों की खुदकुशी का सिलसिला अभी थमा भी नहीं था कि एक हीरा व्यापारी की हत्या कर दी गई है। हत्या की वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सूरत के मोहनी गांव में एक खेत से हीरा व्यापारी की लाश मिली।
मंगलवार तड़के खेत का मालिक जब खेत पर पहुंचा तो उसने एक ऑल्टो गाड़ी खड़ी देखी। नजदीक जाने पर उसने देखा कि पिछली सीट पर एक लाश पड़ी है और चारों तरफ खून बिखरा पड़ा है। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच में ये लाश परेश पटेल नाम के हीरा व्यापारी की निकली। परेश नवसारी के जालालपुर का रहने वाला था। पैंतीस साल के परेश का सूरत शहर में हीरे का कारोबार था। जिस गाड़ी से परेश पटेल की लाश मिली है वो उसके दोस्त आशीष की है। पुलिस आशीष से पूछताछ कर रही है।
परेश और आशीष सोमवार की शाम एक साथ एक ही कार में निकले थे। उसके बाद उसी कार से परेश की लाश बरामद होती है। पुलिस को संदेह है कि परेश की हत्या के बारे में छिपे राज उसका दोस्त आशीष जानता है। बताया जाता है कि परेश के पिता भाईलाल भी बड़े हीरा व्यापारी हैं।
कुछ साल पहले व्यापार में नुकसान की वजह से परेश ने अपना बिजनेस बंद कर दिया था। तब से वो पिता के साथ ही काम कर रहा था। लेकिन हाल में आई आर्थिक मंदी का असर उसके बिजनेस पर भी पड़ा जिससे वो काफी परेशान था। हालांकि पुलिस को अंदेशा है कि हत्या के पीछे पैसे का लेन-देन है।






























